MCD Election Outcomes: दिल्ली नगर निगम के चुनावों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है और अब तक आए रुझानों में आम आदमी पार्टी 5 सीटों पर आगे है। इसके अलावा भाजपा भी शुरुआती रुझानों में 3 सीटों पर आगे बताई जा रही है। वहीं कांग्रेस की झोली अब तक खाली है। माना जा रहा है कि कांग्रेस को पहले ही आभास हो चुका है कि एमसीडी में नतीजे उसके लिए काफी विपरीत हो सकते हैं। यही वजह है कि अब तक कांग्रेस दफ्तर का ताला तक नहीं खुला है। आम आदमी पार्टी के दफ्तर में तो सुबह से ही रौनक है और गुब्बारे आदि लगाकर जोरदार सजावट की गई है।
भाजपा के दफ्तर में भी हलचल तेज है और दिल्ली यूनिट के कई नेता पहुंचे हुए हैं। 2017 के निगम चुनावों में कांग्रेस ने 32 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार उसका आंकड़ा पहले से भी कम रह सकता है। दिल्ली नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस के दिल्ली के नेताओं ने ही प्रचार किया था और राष्ट्रीय स्तर के लीडर दूर ही रहे थे। भाजपा और आम आदमी पार्टी ने जरूर चुनाव में पूरी ताकत झोंकी थी और रुझानों में इसका असर दिख भी रहा है। 15 साल की एंटी-इनकम्बैंसी झेलने वाली भाजपा सत्ता से बेदखल भी हो सकती।
हालांकि एमसीडी में भाजपा से वोटरों की नाराजगी का कोई फायदा कांग्रेस को मिलता नहीं दिख रहा है। भाजपा से गुस्से का सारा वोट आम आदमी पार्टी के ही खाते में जा सकता है। गौरतलब है कि दिल्ली एमसीडी के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कूड़े को मुद्दा बनाया था। वहीं भाजपा भी उसके मुकाबले थोड़ा बैकफुट पर दिखी थी। उसने करप्शन, सत्येंद्र जैन की जेल में समाज जैसे मुद्दे उठाए थे। बता दें कि सोमवार को आए एग्जिट पोल्स में भी आम आदमी पार्टी की ही जीत के अनुमान जाहिर किए गए थे।
Credit : https://livehindustan.com