Climate Forecast, IMD Rain Alert: पहाड़ी राज्यों में रोजाना हो रही बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में गिरावट आने लगी है। ठंडक की शुरुआत हो चुकी है और आने वाले दिनों में तापमान के और नीचे जाने की संभावना है। उधर, दक्षिण के राज्यों में अब भी भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बताया है कि दो दिनों तक कई राज्यों में भारी बरसात होने वाली है। ऐसे में लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा में कई जगह 21 और 22 नवंबर को मध्यम से भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा, 20 नवंबर को भी उत्तरी तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में हल्की से मध्यम और कुछ जगह तेज बारिश होने के आसार हैं।
अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास कम दबाव का क्षेत्र और दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों पर एक डिप्रेशन में केंद्रित होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र तटों पर नहीं जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने कहा है कि 18 नवंबर को बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के इलाकों में मछुआरे समुद्र तटों पर नहीं जाएं। इसके अलावा, 20-22 नवंबर के दौरान दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, श्रीलंका के तटों पर नहीं जाने की अपील की गई है।
जानिए दिल्ली के मौसम का हाल
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को इस मौसम की सबसे सर्द सुबह रही और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। दिल्ली की समग्र वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बताया कि वाणु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 275 दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई गंभीर माना जाता है।
Credit : https://livehindustan.com