IMD Rainfall Alert, Climate Replace At present, 27 November Climate Report: उत्तर भारत के राज्यों में जहां एक ओर सर्दी बढ़ रही है तो वहीं दक्षिण के राज्यों में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार से पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है। वहीं, नॉर्थवेस्ट और सेंट्रल इंडिया के ज्यादातर हिस्सों में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, अंडमान और निकोबार, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में अगले चार से पांच दिनों तक हल्की से मध्यम गति की बारिश होगी, जबकि कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों तक हल्की से मध्यम गति की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले पांच दिनों तक देश के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं होने वाली है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत से दो डिग्री कम 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गयी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 331 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।
श्रीनगर में मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज
वहीं, कश्मीर में पारा शून्य से नीचे गिरने के साथ ही श्रीनगर में इस मौसम में अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गयी। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि शहर में शनिवार रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो इस मौसम में अभी तक सबसे कम है। उन्होंने बताया कि रात का तापमान इस मौसम के लिए सामान्य से 1.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर में से एक पहलगाम पर्यटक रिजॉर्ट में तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा और यह घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले में मशहूर स्की-रिजॉर्ट गुलमर्ग में पारा शून्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में घाटी में प्रवेश के केंद्र काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में भी यह शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। कोकेरनाग में तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। लद्दाख में लेह शहर में पारा शून्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे था जबकि द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
Credit : https://livehindustan.com