Himachal Pradesh Exit Ballot 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों का ऐलान 8 दिसंबर को गुजरात के साथ होगा। पिछले महीने, 12 नवंबर को हुई वोटिंग के बाद आज आए एग्जिट पोल में हिमाचल प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या बीजेपी अपना राज कायम करने में कामयाब होगी या फिर पहाड़ी राज्य में हर बार सरकार बदलने का रिवाज इस बार भी रहने वाला है। आजतक-एक्सिस ने अनुमान जताया है कि प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बन सकती है, जबकि बाकी अन्य सर्वों में बीजेपी को अधिक सीटें दी गई हैं। हालांकि, सभी एग्जिट पोल में दोनों के बीच महज कुछ ही सीटों का अंतर है।
किस एग्जिट पोल में किसे कितनी सीटें?
आजतक-एक्सिस द्वारा किए गए एग्जिट पोल के अनुसार, बीजेपी को हिमाचल प्रदेश में 24-34 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस के खाते में 30-40 सीटें जा सकती हैं। वहीं, अन्य को 4-8 सीटें मिल सकती हैं। कांगड़ा इलाके में बीजेपी को 9, कांग्रेस को 15, और अन्य को एक सीट मिलते दिख रही है। मंडी की बात करें तो यहां बीजेपी को बढ़त है। यहां पर पार्टी 13 सीटों पर कब्जा जमा सकती है। वहीं, कांग्रेस को 9 और अन्य के खाते में 2 सीटें जा सकती हैं। शिमला में बीजेपी को 7, कांग्रेस को 11 और अन्य को एक सीट मिलने का अनुमान है।
बीजेपी-कांग्रेस में कड़ा मुकाबला
वहीं, एबीपी न्यूज-सही वोटर के एग्जिट पोल में बीजेपी को 33 से 41 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस के खाते में 24-32 सीटें जा सकती हैं। अन्य को चार सीटें तक मिल सकती हैं। रिपब्लिक-पी मार्क की बात करें तो बीजेपी के खाते में 34-39, कांग्रेस के खाते में 28-33 सीटें जाने का अनुमान है। अन्य को एक से चार सीटें तक मिल सकती हैं। उधर, न्यूज 24-टुडेज चाणक्या के अनुसार, बीजेपी और कांग्रेस दोनों को ही 33-33 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में दो सीटें जा सकती हैं। टाइम्स नाउ-ईटीजी के अनुसार, बीजेपी को हिमाचल प्रदेश में 34-42, कांग्रेस को 24-32 और अन्य को 1-3 सीटें मिलने का अनुमान है।
हिमाचल में सरकार बदलने का है ट्रेंड
हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दशकों से हर बार सरकार के बदलने का ट्रेंड बरकरार रहा है। हर पांच साल में कभी बीजेपी तो कभी कांग्रेस की सरकार बनती रही है। इस बार भी राज्य में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। यदि इस बार बीजेपी फिर से सरकार बनाने में कामयाब रहती है तो फिर पहाड़ी राज्य का ट्रेंड बदल जाएगा और यदि कांग्रेस की सरकार आती है तो यह ट्रेंड बरकरार रहने वाला है। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने कांग्रेस को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। बीजेपी ने 44 सीटों पर कब्जा जमाया था। इसके बाद जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाया गया।
Credit : https://livehindustan.com