भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के दूसरे दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यह प्रस्ताव पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। नड्डा को सेवा विस्तार मिलने की घोषणा होम मिनिस्टर अमित शाह ने की। उन्होंने इस दौरान जेपी नड्डा के कार्यकाल में भाजपा को मिली सफलताओं का भी जिक्र किया। अमित शाह ने कहा कि हमें उम्मीद है कि 2024 के आम चुनाव में भाजपा पीएम नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में 2019 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी।
नड्डा का कार्यकाल बढ़ा, 2024 तक बने रहेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा के कार्यकाल में भाजपा ने संगठन से लेकर चुनाव तक अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि नड्डा के कार्यकाल में भाजपा ने बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर जैसे राज्यों में दोबारा से सत्ता में वापसी की। यही नहीं कोरोना काल के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अमित शाह की लीडरशिप में जनता की सेवा की। इस दौरान सेवा ही संगठन और सेवा पखवाड़ा जैसे आयोजन भी किए गए। इन्हें लोगों ने काफी सराहा और कोरोना काल में लोगों की काफी मदद हुई।
क्यों अध्यक्ष बदलने से बच रही है भाजपा
अमित शाह ने कहा कि जेपी नड्डा के कार्यकाल में भाजपा ने 73 उपचुनावों में जीत हासिल की। इसके अलावा 1.30 लाख बूथों पर पार्टी को मजबूत करने का अभियान चलाया गया। शायद यही वजह है कि जेपी नड्डा के कार्यकाल को बढ़ाने का फैसला लिया गया है। भाजपा नहीं चाहती कि आम चुनाव और उससे पहले 9 राज्यों में चुनाव के बीच संगठन के चुनाव कराए जाएं। इससे पार्टी का फोकस चुनाव से हट सकता है। गौरतलब है कि हाल ही में हुए चुनाव में भाजपा को गुजरात में रिकॉर्ड जीत मिली है। हालांकि हिमाचल प्रदेश में उसे हार का सामना करना पड़ा, जो जेपी नड्डा का गृह राज्य है।
ससंदीय बोर्ड ने भी लगाई कार्यकाल विस्तार पर मुहर
जेपी नड्डा को अध्यक्ष बनाए रखने के प्रस्ताव को संसदीय बोर्ड से भी मंजूरी मिल गई है। अब यह जानकारी जल्दी ही चुनाव आयोग को दी जाएगी। जेपी नड्डा को जनवरी 2020 में अध्यक्ष चुना गया था। उनका कार्यकाल इसी महीने समाप्त हो रहा था, लेकिन अब उन्हें विस्तार मिल गया है।
Credit : https://livehindustan.com