2023 Will be hotter than normal summer Be adequately prepared Cabinet Secretary tells states UT – India Hindi News


ऐप पर पढ़ें

इस साल की गर्मी पिछली गर्मियों जैसी नहीं होगी। कहा जा रहा है कि समय से पहले ही भीषण गर्मी शुरू हो चुकी है। कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) को निर्देश दिया कि वे अभी से तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि 2023 में सामान्य गर्मी से अधिक गर्मी पड़ने की उम्मीद है। इसे ध्यान में रखते हुए संबंधित चुनौतियों से निपटने के लिए पर्याप्त रूप से तैयार रहें। आगामी गर्मियों के लिए तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए गौबा ने ये निर्देश दिए। 

लू की तैयारियों की समीक्षा करें

कैबिनेट सचिव ने कहा कि “चूंकि 2023 में सामान्य गर्मी से अधिक गर्मी होने की उम्मीद है, इसलिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को संबंधित चुनौतियों का सामना करने के लिए पर्याप्त रूप से तैयार रहने की आवश्यकता है।” हालांकि, गौबा ने कहा कि केंद्रीय मंत्रालय और विभाग राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ मिलकर तैयारी के स्तर को सुनिश्चित करने और समय पर जरूरी उपायों को लागू करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने मुख्य सचिवों से कहा है कि वे संबंधित विभागीय सचिवों और जिला कलेक्टरों के साथ संभावित लू की तैयारियों की समीक्षा करें। 

हमेशा उपलब्ध रहेंगी केंद्रीय एजेंसियां 

गौबा ने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा जारी सलाह का क्षेत्रीय भाषाओं में अनुवाद किया जा सकता है और इसे बड़े स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। कैबिनेट सचिव ने आगे हैंडपंपों की मरम्मत, फायर ऑडिट और मॉक ड्रिल जैसी बुनियादी तैयारियों के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने राज्यों को आश्वासन दिया कि केंद्रीय एजेंसियां ​​उनके साथ जरूरी और समय-समय पर समन्वय करती रहेंगी और आवश्यक सहायता के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगी।  

सामान्य से 2-30 डिग्री सेल्सियस अधिक हो सकता तापमान 

मार्च से मई 2023 तक क्या तापमान रहेगा इसको लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भी जानकारी साझा की है। आईएमडी ने बताया कि इस दौरान उत्तर-पूर्व, पूर्व और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान होने की संभावना है। आईएमडी ने यह भी बताया कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। केवल दक्षिणी इलाकों में सामान्य से कम तापमान की संभावना है। आईएमडी ने आगे बताया कि मार्च के अंतिम सप्ताह के दौरान सिन्धु-गंगा के मैदानों और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से 2-30 डिग्री सेल्सियस अधिक हो सकता है।

बता दें कि सिन्धु-गंगा का मैदान, जिसे उत्तरी मैदानी क्षेत्र तथा उत्तर भारतीय नदी क्षेत्र भी कहा जाता है, एक विशाल एवं उपजाऊ मैदानी इलाका है। इसमें उत्तरी तथा पूर्वी भारत का अधिकांश भाग, पाकिस्तान के सर्वाधिक आबादी वाले भू-भाग, दक्षिणी नेपाल के कुछ भू-भाग तथा लगभग पूरा बांग्लादेश शामिल है।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग (DoA&FW) के सचिव ने बताया कि आज की तारीख में रबी की फसल की स्थिति सामान्य है और गेहूं का उत्पादन लगभग 112.18 मीट्रिक टन होने की उम्मीद है, जो अब तक का सबसे अधिक है। उन्होंने आगे बताया कि DoA&FW ने गेहूं में टर्मिनल हीट स्ट्रेस की निगरानी और इसे कम करने के लिए कृषि आयुक्त की अध्यक्षता में एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। इसके अलावा, फसल मौसम निगरानी समूह (सीडब्ल्यूडब्ल्यूजी), एक अंतर-मंत्रालयी समिति हर हफ्ते फसल की स्थिति की समीक्षा करती है।

 



Credit : https://livehindustan.com

Related Articles

Latest Articles

Top News